टीबी उन्मूलन की ओर बड़ा कदम- हाई रिस्क क्षेत्रों में 92 प्रतिशत जनसंख्या की हुई स्क्रीनिंग

भीलवाड़ा । जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में जिले में 17 सितम्बर से संचालित हो रहे ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान ने टीबी मुक्त भारत की दिशा में नई गति पकड़ी है। जिले में चल रहे अभियान के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने नगर निगम सभागार (टाउनहोल) में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान टीबी रोगियों को पोषण सामग्री भेंट कर ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान को और मजबूती दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान के दौरान अब तक जिले के 2 हजार 308 टीबी रोगियों को निक्षय पोषण किट प्रदान की जा चुकी हैं। यह किट समाजसेवी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, चिकित्सकों व भामाशाहों सहित आमजन द्वारा टीबी रोगियों को दी गई है। अभियान में अब तक 197 नए निक्षय मित्र तैयार किए गए हैं, जो टीबी मरीजों की नियमित मदद कर रहे हैं।
सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि टीबी मरीजों को दवा के साथ पर्याप्त पोषण की भी आवश्यकता होती है। कोई भी सामाजिक संस्था, जनप्रतिनिधि या नागरिक निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीज को गोद लेकर उन्हें हर माह पोषण सामग्री उपलब्ध करवा सकते है। किट में मूंग, दाल, गुड़, चने, तेल, गेहूं-चावल जैसी पोषक सामग्री शामिल रहती है।
जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने बताया कि जिले में वर्तमान में 3,683 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है। अब तक राज्य से मिले 5 लाख 74 हजार 860 के लक्ष्य में से 5 लाख 31 हजार 618 वल्नरेबल जनसंख्या की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, यानी 92 प्रतिशत कार्य सम्पन्न हो गया है। शेष 8 प्रतिशत स्क्रीनिंग भी जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान के तहत जिले में अब तक 34 हजार 208 टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों की ओपीडी में संभावित रोगियों की शत-प्रतिशत जांच हो रही है और प्राइवेट चिकित्सकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे मरीजों का डाटा निक्षय पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करें। प्रगति की प्रतिदिन सेक्टरवार समीक्षा की जा रही है ताकि जिले को जल्द से जल्द टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
