सवाईपुर स्कूल का बोर्ड परिणाम रहा शत-प्रतिशत: 'मेघा पीटीएम' में मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान; प्रियांशी ने 92% के साथ मारी बाजी

सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं और अन्य स्थानीय कक्षाओं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस गौरवशाली उपलब्धि पर विद्यालय में 'मेघा पीटीएम' (अभिभावक-शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रतिभाओं ने लहराया सफलता का परचम
प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न कक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा 11वीं (बी) की प्रियांशी शर्मा ने 92.10% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
कक्षा 11वीं: प्रियांशी शर्मा (92.10), मनभर सुधार (86.30), दीपक जाट (84.80) और कोमल जाट (83.60) ने श्रेष्ठ अंक प्राप्त किए।
कक्षा 10वीं (बोर्ड): दीपिका कंवर ने 86.50% और मैना जाट ने 85.33% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कक्षा 9वीं व अन्य: अंजलि सुथार (90.08) और कक्षा छठी के देवकिशन जाट (91.16) ने भी शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
दुपट्टा पहनाकर किया गया अभिनंदन
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और समाजसेवियों ने मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। प्रशासक किशन लाल जाट, समाजसेवी शांतिलाल आचार्य, श्याम सुंदर श्रोत्रिय और रामकुमार जाट ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को दुपट्टा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।
