बड़लियास पुलिस पर मिलीभगत का आरोप: कंजर समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी, SP को सौंपा ज्ञापन

बड़लियास पुलिस पर मिलीभगत का आरोप: कंजर समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी, SP को सौंपा ज्ञापन
X

भीलवाड़ा पुनीत । युवा कंजर समाज सेवा समिति के पूर्व जिलाध्यक्ष भागचंद झांझावत के नेतृत्व में शुक्रवार को कंजर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर बड़लियास थाना पुलिस और उदलियास गांव के दबंगों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाज ने आरोप लगाया है कि पुलिस अभियुक्तों से मिली हुई है और पीड़ितों को ही प्रताड़ित कर रही है।

घटनाक्रम: महिलाओं के साथ बर्बरता और मारपीट

ज्ञापन के अनुसार, 16 फरवरी को उदलियास गांव में बसंती देवी अपनी टपरी बना रही थी, तभी गांव के कुछ व्यक्तियों ने लाठी, कुल्हाड़ी और सरियों से उस पर हमला कर दिया। हमले में बसंती देवी का पैर और हाथ की कोहनी टूट गई। बीच-बचाव करने आए रतन लाल और उसके परिवार के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। आरोप है कि जब रतन लाल रिपोर्ट देने थाने गया, तो पुलिसकर्मी ने गालियां दीं और पीड़ितों को ही थाने में बंद कर दिया।

पुलिस की ढिलाई से बढ़े हौसले, दोबारा हुआ हमला

समाज का कहना है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए। 17 फरवरी को करीब 30 व्यक्तियों ने दोबारा कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। इस हमले में सुड़ा कंजर का सिर फोड़ दिया गया और राकेश कंजर का कुल्हाड़ी के वार से कान कट गया। महिला बदामी और श्यामकली के साथ भी बदसलूकी की । पीड़ितों का वर्तमान में महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

छुआछूत और ज्ञापन देने से रोकने का आरोप

ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाया गया है कि गांव में कंजर समाज के साथ छुआछूत की जाती है और उन्हें धार्मिक स्थलों पर पूजा नहीं करने दी जाती। आज सुबह जब समाज के लोग ज्ञापन देने भीलवाड़ा आ रहे थे, तब भी रास्ते में शांतिलाल बलाई और मुकेश बलाई सहित अन्य लोगों ने गाड़ियां रोककर उन्हें डराया-धमकाया और गांव में न रहने देने की धमकी दी।

प्रमुख मांगें:

बड़लियास थानाधिकारी सहित दोषी पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाए। अभियुक्तों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो। मामले की निष्पक्ष जांच उच्च अधिकारियों से कराई जाए।यदि कार्रवाई नहीं हुई तो समाज प्रशासन के खिलाफ उग्र जन आंदोलन करेगा।

Next Story