12 फरवरी से शुरू होगा परीक्षाओं का महाकुंभ, 20 लाख के करीब छात्र होंगे शामिल

भीलवाड़ा (हलचल)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का बिगुल बज चुका है। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षाओं के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कमर कस ली है। प्रदेश भर में इस बार लगभग 19.86 लाख विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे, जिनके लिए 6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा का पूरा शेड्यूल: 10वीं 17 दिन तो 12वीं 28 दिन चलेगी
बोर्ड के अनुसार, दोनों मुख्य परीक्षाएं 12 फरवरी 2026 से एक साथ शुरू होंगी।
कक्षा 10वीं: परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेंगी। कुल 17 दिनों के अंतराल में परीक्षा संपन्न होगी।
कक्षा 12वीं: परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। यह परीक्षा सत्र 28 दिनों तक चलेगा।
परीक्षार्थियों का आंकड़ा: एक नजर में
इस वर्ष कुल 19 लाख 86 हजार 422 स्टूडेंट्स ने पंजीकरण कराया है:
10वीं बोर्ड: 10,68,610 स्टूडेंट्स
12वीं बोर्ड: 9,05,872 स्टूडेंट्स
प्रवेशिका: 7,817 स्टूडेंट्स
वरिष्ठ उपाध्याय: 4,123 स्टूडेंट्स
जिला मुख्यालयों पर सामग्री भेजने की तैयारी
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए बोर्ड प्रशासन 2 और 3 फरवरी को जिलेवार परीक्षा सामग्री रवाना करेगा। सामग्री को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय (मुख्यालय) तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 26 कर्मचारियों को विशेष प्रभारी नियुक्त किया गया है।
ट्रिप दिवस हुए निर्धारित
बोर्ड ने सामग्री वितरण के लिए ट्रिप चार्ट भी जारी किया है:
2 फरवरी: उन जिलों के लिए सामग्री रवाना होगी जहां तीन दिवसीय ट्रिप की आवश्यकता है।
3 फरवरी: दो दिवसीय और एक दिवसीय ट्रिप वाले जिलों के लिए रवानगी तय की गई है। बोर्ड ने सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा सामग्री आवश्यक रूप से संबंधित केंद्रों तक पहुंच जानी चाहिए।
समाचार के लिए संपर्क: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)
ईमेल: [email protected]
विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)
कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा (7737741455)
