वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के रोडवेज बेड़े में शामिल हुईं 14 नई बसें, पहली बार मिलीं 4 लग्जरी एसी बसें

भीलवाड़ा । वस्त्रनगरी के बाशिंदों और रोडवेज यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने भीलवाड़ा डिपो के कायाकल्प की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 14 नई बसों का आवंटन किया है। इन बसों के बेड़े में शामिल होने के साथ ही डिपो की कुल बसों की संख्या अब 101 हो गई है। खास बात यह है कि भीलवाड़ा डिपो को पहली बार चार लग्जरी एसी (वातानुकूलित) बसें मिली हैं, जो लंबी दूरी के यात्रियों को भीषण गर्मी में राहत प्रदान करेंगी।
पिछले एक दशक से नई बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए यह बड़ी सौगात है। गौरतलब है कि हाल ही में राजस्थान सरकार द्वारा राजस्थान दिवस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 207 बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश को समर्पित किया था, जिसके अंतर्गत भीलवाड़ा आगार को भी यह महत्वपूर्ण आवंटन प्राप्त हुआ है। इन नई बसों के संचालन से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि परिवहन सेवाओं में भी विस्तार होगा।
