गढ़बोर चारभुजा के लिए 19वीं फाग पदयात्रा 28 से, भीलवाड़ा में उमड़ेगी श्रद्धा

भीलवाड़ा । शहर में भक्ति और आस्था का उल्लास एक बार फिर परवान चढ़ने वाला है। अध्यक्ष दिनेश कुमार जागेटिया के नेतृत्व में आयोजित होने वाली 19वीं श्री गढ़बोर चारभुजा जी की फाग पदयात्रा आगामी 28 फरवरी, शनिवार से प्रारंभ होगी।

सचिव राजेंद्र कचोलिया ने बताया कि पदयात्रा शनिवार तड़के 4:00 बजे रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर से मंत्रोच्चार के साथ रवाना होगी। यात्रा के प्रथम दिन का पड़ाव भारतीय स्पिनर्स गणेशपुरा में रहेगा, जहाँ पदयात्री रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 1 मार्च, रविवार को यात्रा मादड़ी चौराहा पहुँचेगी। यात्रा का मुख्य आकर्षण 2 मार्च को रहेगा, जब पदयात्री सोमवार शाम को गढ़बोर पहुँचकर भगवान चारभुजा नाथ की संध्या आरती के दर्शन करेंगे।

यात्रा के अंतिम चरण में 3 मार्च को सभी श्रद्धालु ठाकुर जी के साथ गुलाल की होली खेलेंगे और शाम 4:30 बजे वापस भीलवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे। गौरतलब है कि देश में खुशहाली, सुख-शांति और अच्छी वर्षा की कामना के साथ यह पदयात्रा पिछले 18 वर्षों से अनवरत निकाली जा रही है।

Tags

Next Story