निःशुल्क 34 मोतियाबिन्द के ऑपरेशन सम्पन्न

भीलवाड़ा -लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा सेवा और समर्पण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निःशुल्क नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर लायंस आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में प्रांतपाल लॉयन रामकिशोर गर्ग के प्रेरणादायी संदेश ’’आओ खुशियां बांटें’’ के तहत आयोजित किया गया।
क्लब अध्यक्ष एवं अधिवक्ता पवन पंवार ने बताया कि शिविर में कुल 81 मरीजों की आंखों की विस्तृत जाँच की गई। इनमें से मोतियाबिंद के लिए चयनित 34 मरीजों का लायंस आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा आधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया। सोमवार को सभी स्वस्थ मरीजों को आवश्यक दवाइयां, निःशुल्क चश्मे और डिस्चार्ज कार्ड देकर ससम्मान घर विदा किया गया।
लायन विनोद जैन ने बताया कि भामाशाह लायन जी.सी. जैन के सहयोग से सभी ऑपरेशन कराए गए मरीजों को कम्बल वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन पंवार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ट्रस्ट अध्यक्ष लॉयन जे.के. बागडोडिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जे.पी. अग्रवाल उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जे.के. बागडोडिया ने क्लब की निस्वार्थ सेवाओं की सराहना करते हुए नेत्रदान को ’महादान’ बताया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने और इसके लिए फॉर्म भरने हेतु प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने मरीजों को ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल के जरूरी टिप्स भी दिए।
अध्यक्ष पवन पंवार ने प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दोहराया और मरीजों व परिजनों को कपड़े के थैले वितरित किए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्लब वर्षभर ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन लायन विनोद जैन ने किया।
शिविर को सफल बनाने में अस्पताल प्रभारी लायन एल.बी. रांका, लायन जे.के. बागडोडिया, जे.पी. अग्रवाल सहित क्लब के पदाधिकारियों और हॉस्पिटल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
