चंवरा के बालाजी में 6.5 मंजिला विशाल पक्षी घर बनकर हुआ तैयार

बड़लियास (रोशन वैष्णव)
मेवाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बड़लियास के निकट स्थित चंवरा के बालाजी परिसर में निर्मित 6.5 मंजिला विशाल पक्षी घर का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो गया है। इस पक्षी घर के तैयार होने से क्षेत्र में पक्षी संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को एक नई दिशा मिली है।
नवनिर्मित पक्षी घर में करीब 700 घोंसले बनाए गए हैं, जो विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराएंगे। यह पक्षी घर जमीन से लगभग 56 फीट ऊंचा है तथा इसकी चौड़ाई करीब 6.5 फीट रखी गई है।
इस जनहितकारी और पुण्य कार्य पर कुल 4 लाख 40 हजार रुपये की लागत आई है। उल्लेखनीय है कि इस निर्माण कार्य में भक्तों और श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से दान देकर सक्रिय सहयोग किया।
पक्षी घर के पूर्ण होने पर स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और पर्यावरण प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। यह पहल न केवल चंवरा के बालाजी परिसर की शोभा बढ़ाएगी, बल्कि पक्षियों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए भी मील का पत्थर साबित होगी।
