बिजोलिया में 82 मिमी बारिश,मेनाल का झरना शुरू, पर्यटकों की भीड़

बिजौलिया क्षेत्र में सुबह 7 बजे से शुरू हुई बारिश ने चार घंटे तक क्षेत्र को भिगोया। थोड़ी देर रुकने के बाद दोपहर को फिर बारिश का दौर चला जो शाम तक चलता रहा। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार 24 घंटे में 82 मिमी बारिश दर्ज की गई। निरंतर बारिश से तिलस्वां स्थित एरु नदी पुलिया के ऊपर से बहने लगी।
बारिश ने पूरे इलाके का मौसम सुहावना कर दिया। मानसून की पहली बारिश से जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी। भड़क, मेनाल, भड़किया, सेवन फॉल और भीमलत जैसे प्राकृतिक स्थलों पर झरने बहने लगे। मेनाल की घाटी में हरियाली के बीच बादलों का नजारा कुल्लू-मनाली जैसा दिखाई दिया। यहां पूरे वेग से झरना चला।
बिजौलिया से 15 किलोमीटर दूर छोटी बिजौलिया में भड़क झरना तेज गति से बह रहा है। भड़क मित्र मंडल के कमलेश सेन ने झरने के आसपास फैली गंदगी पर चिंता जताई। उन्होंने 2 करोड़ की लागत से बन रही लवकुश वाटिका का काम अधूरा होने पर नाराजगी व्यक्त की।
ग्रामीणों ने भड़क जाने वाले कच्चे रास्ते को ठीक करने की मांग की है। सीजन की पहली अच्छी बारिश से किसानों में खुशी है। बारिश ने फसलों की उम्मीद जगाई है। ग्रामवासी और किसान इसे शुभ संकेत मान रहे हैं। वे आने वाले दिनों में अच्छे मानसून की आशा कर रहे हैं।