90 साल पुरानी परंपरा; 40 किलो के चांदी के बेवाण में भक्तों के द्वार पहुंचेंगे चारभुजा नाथ, 15 घंटे खेलेंगे होली

भीलवाड़ा। शहर के आराध्य देव श्री चारभुजा नाथ बड़े मंदिर में श्री माहेश्वरी समाज श्री चारभुजा जी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में गुरुवार को फूलडोल महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। 90 वर्षों से चली आ रही अनूठी परंपरा के तहत ठाकुर जी आज सायंकाल से अगले 15 घंटों तक नगर भ्रमण पर रहकर भक्तों के घर-घर जाकर होली खेलेंगे।
56 भोग की सजी झांकी, मंत्रोच्चार के साथ हुआ दुग्धाभिषेक
ट्रस्ट मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि चैत्र कृष्णा अमावस्या संवत 2082 के अवसर पर प्रातः काल मंदिर में भगवान चारभुजा नाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दुग्धाभिषेक किया गया। ठाकुर जी के सम्मुख षठरस युक्त 56 तरह के व्यंजनों का छप्पन भोग सजाया गया। दोपहर में महाआरती के पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित शहर के गणमान्य नागरिक और विधायक अशोक कोठारी भी उपस्थित रहे।
चांदी के बेवाण में विराजें राधा-कृष्ण
मंदिर में 293 वर्ष पूर्व प्रतिमा स्थापना के बाद से ही जन-जन की आस्था जुड़ी है। शोभायात्रा के दौरान राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं को 40 किलो वजन के नवनिर्मित चांदी के बेवाण में विराजित किया गया। परंपरा के अनुसार, ठाकुर जी को बड़े मंदिर से दूधाधारी मंदिर तक भक्त अपने कंधों पर उठाकर ले जाते हैं, जिसके बाद उन्हें लकड़ी के विशेष रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण करवाया जाता है।
रात भर गूंजेंगे जयकारे, गुलाल से सराबोर होगा शहर
ठाकुर जी की यह सवारी धानमंडी, दूधाधारी गोपाल मंदिर, भदादा मोहल्ला, कृष्ण मोहल्ला, माणिक्य नगर और सर्राफा बाजार सहित पुराने भीलवाड़ा की विभिन्न गलियों से होकर गुजरेगी। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकलने वाली इस शोभायात्रा में भक्त भगवान के संग जमकर गुलाल खेलेंगे। यह शहर का एकमात्र ऐसा आयोजन है जहाँ ठाकुर जी स्वयं भक्तों के घर द्वार पर पहुंचकर दर्शन देते हैं।
कल प्रातः मंदिर पहुंचेगी शोभायात्रा
पूरी रात शहर की गलियों में भक्तों को निहाल करने के बाद, यह शोभायात्रा अगले दिन 20 मार्च, शुक्रवार प्रातः 7:30 बजे पुनः बड़े मंदिर प्रांगण पहुंचेगी, जहाँ महोत्सव का विधि-विधान से समापन होगा।
प्रमुख पदाधिकारियों और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
ध्वजा अर्पण एवं छप्पन भोग के इस भव्य कार्यक्रम में ट्रस्ट के संरक्षक उदयलाल समदानी, रामेश्वर लाल तोषनीवाल, अध्यक्ष चंद्रसिंह तोषनीवाल, मंत्री प्रहलाद राय भदादा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाल मुकुंद राठी, उपाध्यक्ष नंदकिशोर दरक, सहित रामस्वरूप तोषनीवाल, सुनील कुमार सोनी, बद्रीलाल डाड, रमेश बाहेती, छीतरमल डाड, प्रमोद डाड, राकेश पटवारी, सत्यनारायण तोतला और रमेश चंद्र जागेटीया उपस्थित रहे। इस अवसर पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, सत्यनारायण डाड, कैलाश बाहेती और विकास समदानी ने भी ठाकुर जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
