तीन साल से जाम नाला बना मुसीबत, वार्ड 57 में शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन

तीन साल से जाम नाला बना मुसीबत, वार्ड 57 में शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन
X

भीलवाड़ा। शहर के वार्ड नंबर 57 स्थित मोमिन मोहल्ला, जाटों की गली में नगर नि‍गम की भारी लापरवाही सामने आई है। यहाँ सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास बना मुख्य नाला पिछले तीन वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त और जाम पड़ा है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस नाले की सफाई पिछले तीन साल से नहीं की गई है। नाला पूरी तरह से कचरे और मलबे से अटा पड़ा है, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। आलम यह है कि मोहल्ले में हर वक्त बदबू पसरी रहती है और मच्छरों के पनपने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

सिर्फ कागजी कार्रवाई, धरातल पर शून्य

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। लेकिन हर बार प्रशासन की ओर से एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है कि "संबंधित जमादार को पाबंद कर दिया गया है।" वास्तविकता यह है कि पाबंद करने के दावों के बावजूद आज तक धरातल पर कोई सफाई कार्य शुरू नहीं हुआ। मोहल्ले वासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले का निर्माण और सफाई नहीं करवाई गई, तो वे उग्र प्रदर्शन को मजबूर होंगे।

Next Story