फागुन ग्यारस पर राधा-कृष्ण मंदिर में भक्ति और फाग का रंगारंग उत्सव

भीलवाड़ा। कमला विहार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में फागुन माह की ग्यारस के अवसर पर भक्ति, कीर्तन और फाग के भजनों का भव्य आयोजन हुआ। मंदिर परिसर भक्तिरस और रंगों की उमंग से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने “चलो जी भक्तों खाटू चलो जी ग्यारस फागण की”, “खाटूड़े माही रंग बरसे”, “या होली आई बालाजी” जैसे लोकप्रिय फाग भजनों पर झूमते हुए नृत्य किया और कीर्तन का आनंद लिया। पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भक्तों ने भगवान राधा-कृष्ण के समक्ष सामूहिक रूप से भजन गाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को फागुन की शुभकामनाएं देते हुए होली के पावन पर्व का उल्लासपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर लीला चेचाणी, सत्यप्रभा सोमानी, शोभा तोषनीवाल, सुनीता तोषनीवाल, सीता चांडक, प्रवीण सिंह, प्रतीक्षा सरोज सहित अनेक भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने भजनों पर नृत्य कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और भक्तों ने फागुन की ग्यारस को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
