जयपुर में सजेगा संस्कृत प्रतिभाओं का संगम: 28 मार्च को राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह

भीलवाड़ा । निम्बार्क वैदिक संस्कृत समिति, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आगामी 28 मार्च को जयपुर के त्रिवेणी नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में भव्य राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे शुरू होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश भर की संस्कृत प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
समिति के अनुसार, यह समारोह भारत सरकार के उर्वरक मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. कृष्णकांत पाठक के संरक्षण एवं जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. अर्कनाथ चौधरी करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस मातादीन शर्मा, पूर्व शासन सचिव डॉ. मोहन लाल यादव, संस्कृत भारती के प्रांतीय अध्यक्ष हरिशंकर भारद्वाज, जीएसटी के अपर आयुक्त डॉ. दिनेश जांगिड़, डीएसपी भजनलाल जांगिड़, प्रो. लोकमान्य मिश्र, एडीएम चंद्रशेखर भंडारी, पूर्व एडीएम रामचंद्र बैरवा, एसडीएम रामावतार बरनाला और संयुक्त निदेशक डॉ. जितेंद्र अग्रवाल सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहेंगे।
इन विभूतियों को मिलेगा 'निम्बार्क वैदिक संस्कृत रत्न'
समिति के प्रांतीय संयोजक डॉ. के. जी. जांगिड़ ने बताया कि इस वर्ष राज्य स्तर पर तीन विशिष्ट प्रतिभाओं को 'निम्बार्क वैदिक संस्कृत रत्न' सम्मान से नवाजा जाएगा। सम्मानित होने वालों में सत्यनारायण शर्मा (दौसा), श्वेता दाधीच (ब्यावर) एवं डॉ. संजय कुमार शाह (बांसवाड़ा) शामिल हैं।
151 छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान
कार्यक्रम के सहसंयोजक वीरेन्द्र कुमार जांगिड़ ने जानकारी दी कि समारोह में प्रदेश स्तर की 62 संस्कृत प्रतिभाओं के साथ-साथ संस्कृत वाङ्मय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें राजस्थान के संस्कृत एवं सामान्य शिक्षा विभाग के कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग के कुल 151 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
