काणोली-नाथडि़यास मार्ग पर मौत को दावत दे रहा गहरा गड्ढा

भीलवाड़ा हलचल। काणोली से नाथडि़यास जाने वाला सिंगल रोड इन दिनों वाहन चालकों के लिए किसी दुःस्वप्न से कम नहीं है। मार्ग के किनारे बना एक विशाल और गहरा गड्ढा दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों की जान का दुश्मन बना हुआ है। यह खतरनाक गड्ढा विशेष रूप से नाथडि़यास के बाहला क्षेत्र के समीप स्थित है, जहां से गुजरते समय जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
इस मार्ग का नियमित उपयोग करने वाले हीरालाल व मुकेश कुमार गुर्जर ने बताया कि दिन के समय तो जैसे-तैसे वाहन चालक संभल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता। अंधेरे में अनजाने में आने वाले वाहन चालक इस गड्ढे का शिकार होकर कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी से पहले इस गड्ढे को दुरुस्त किया जाए ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
