सुवाणा में करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, खेत पर चारा लेने गया था मृतक

भीलवाड़ा (हलचल प्रहलाद तेली)। सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने गए एक अधेड़ की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
खेत पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुवाणा निवासी रतनलाल (50) पुत्र रामचंद्र नायक सुबह अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया था। समाज के गोवर्धन नायक ने बताया कि खेत पर काम के दौरान रतनलाल वहां से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के तारों के संपर्क में आ गया। करंट इतना जोरदार था कि रतनलाल गंभीर रूप से झुलस गया और वहीं अचेत होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में घोषित किया मृत
परिजन और ग्रामीण तुरंत रतनलाल को लेकर महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
