भीलवाड़ा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब,पुलवामा शहीदों की याद में 1763 यूनिट ’ऐतिहासिक’ रक्तदान

भीलवाड़ा -युवा ललकार संस्था के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय देशभक्ति कार्यक्रम का शनिवार को विशाल रक्तदान शिविर के साथ समापन हुआ। ’’पुलवामा शहीदों को नमन करें - आओ रे सांवरिया के भजन करें’’ के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में भीलवाड़ा वासियों ने सेवा और शहादत के प्रति अटूट श्रद्धा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का विधिवत समापन शनिवार को सूचना केंद्र पर आयोजित विराट रक्तदान शिविर के साथ हुआ। शिविर का शुभारंभ देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र रहा।
कार्यक्रम संयोजक यश चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कुल 1763 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ, जो शहर के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड है। रक्तदान करने के लिए माताओं, बहनों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। कतारों में लगकर देशभक्तों ने मां भारती के सपूतों की शहादत को नमन करते हुए रक्तदान किया।
इससे पूर्व 13 फरवरी को स्टेशन चौराहे पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया था, जिसमें भजनों के माध्यम से पुलवामा हमले के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
