सुभाष नगर पूर्व बस्ती में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित

भीलवाड़ा। संयोजक हरि प्रकाश कंठ ने बताया कि सुभाष नगर पूर्व बस्ती में हिंदू सम्मेलन अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गुणवंत सिंह कोठारी, वरिष्ठ प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अखिल भारतीय कार्यकारी सदस्य उपस्थित रहे। संत सानिध्य गोपाल दास जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की अतिथि नीलम शर्मा रहीं तथा अध्यक्षता श्यामसुंदर राठौड़ ने की। मंच संचालन धर्मवीर सिंह कानावत ने किया।
सम्मेलन में सुभाष नगर की सभी जाति और बिरादरी के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें दुर्गा वाहिनी की बहनों ने अखाड़ा प्रदर्शन किया। शोभायात्रा के दौरान महिलाएं नृत्य करते हुए भजन-कीर्तन के साथ चल रही थीं, जिससे वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया। मार्ग में नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिससे दृश्य अत्यंत मनोहारी बन गया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की आरती भी संपन्न हुई।
मुख्य वक्ता गुणवंत सिंह कोठारी ने अपने उद्बोधन में पंच प्रण के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य एवं नागरिक शिष्टाचार पर अपने विचार रखे और इनके महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात पूरी बस्ती के लगभग 4000 लोगों ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया, जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश सशक्त रूप से सामने आया।
