जयपुर के जवाहर कला केंद्र में सजेगा कला का महासंगम: भीलवाड़ा के 20 कलाकारों का 25वें राज्य कला मेले हेतु चयन

भीलवाड़ा -राजस्थान ललित कला अकादमी तथा पुरातत्व एवं कला संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले 25वें राज्य स्तरीय कला मेले के लिए भीलवाड़ा की ’आकृति कला संस्थान’ के 20 वरिष्ठ एवं युवा कलाकारों का चयन किया गया है। यह आयोजन राजस्थान दिवस समारोह 2026 की श्रृंखला में 17 से 21 मार्च 2026 तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र स्थित शिल्पग्राम में आयोजित होगा।
संस्थान के सचिव कैलाश पालिया ने बताया कि इस भव्य कला मेले में भीलवाड़ा के कलाकारों की कुल 160 कृतियाँ प्रदर्शित की जाएँगी। प्रदर्शनी को दो मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
इस प्रदर्शनी में संस्थान के संरक्षक व वरिष्ठ मूर्तिकार गोवर्धनसिंह पंवार, वरिष्ठ चित्रकार मंजु मिश्रा, इकबाल हुसैन, सत्यनारायण सोनी, गोपालदास वैष्णव, गीताजंलि वर्मा, कपिल खन्ना सहित युवा कलाकार नेहा सोनी, डॉ. हेमन्ता मीणा, मनीषा तम्बोली और झलकरानी सहित कुल 12 कलाकारों की समूह चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। इसके अलावा मेले में पाँच कलाकारों की विशिष्ट थीम पर आधारित एकल प्रदर्शनी में अन्नु प्रजापत की ’एबस्ट्रैक्शन ऑफ नेचर’, ज्योति पारीक की ’अंतर्यात्रा’, कैलाश पालिया की ’प्रकृति और प्रेम’, अनुष्का पाराशर की ’लीनियर कन्वर्सेशन’ शान्तीलाल गाडरी की ’मूड ऑफ आर्टिस्ट’ आयोजित होगी।
10 वर्षीय बाल कलाकार भूवी केशवानी बिखेरेगी चमक
इस वर्ष के कला मेले का विशेष आकर्षण 10 वर्षीय बाल कलाकार भूवी केशवानी होंगी। निर्णायक समिति द्वारा चयन के बाद भूवी इस मेले की सबसे कम उम्र की चित्रकार भूवी की एक्रेलिक माध्यम में तैयार की गई 40 कृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। गौरतलब है कि भूवी का चयन पिछले वर्ष (2025) के राज्य कला मेले में भी हुआ था।
जयपुर में आयोजित होने वाले इस पाँच दिवसीय कला मेले में प्रदेश भर के कला प्रेमी भीलवाड़ा की इस विविध और समृद्ध कला संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे।
