खामोर में माघ पूर्णिमा पर होगा हिन्दू सम्मेलन, शोभायात्रा और धर्मसभा शामिल

खामोर में माघ पूर्णिमा पर होगा  हिन्दू सम्मेलन, शोभायात्रा और धर्मसभा शामिल
X

खामोर।सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खामोर ग्राम में माघ पूर्णिमा, रविवार 1 फरवरी 2026 को हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8.15 बजे विशाल शोभायात्रा से होगी, जिसमें कलश यात्रा, अखाड़ा प्रदर्शन, रामधुनी एवं आकर्षक झांकियां सनातन संस्कृति की भव्य झलक प्रस्तुत करेंगी। इसके पश्चात दोपहर 1.00 बजे विशाल धर्मसभा आयोजित होगी, जबकि सायं 3.00 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान शहीदों के परिजनों, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरणविदों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।

आयोजन को लेकर ग्राम में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। ग्राम में घर-घर भगवा ध्वज लगाए जाएंगे, स्थान-स्थान पर सुंदर रंगोलियां सजाई जाएंगी तथा शोभायात्रा मार्ग को विशेष रूप से भव्य रूप में शृंगारित किया जाएगा।

इस पावन अवसर पर महंत 1008 रामसागर दास महाराज, महंत नरसिंह मंदिर हमीरगढ़ एवं पूर्व अध्यक्ष विरक्त मेवाड़ मंडल, भीलवाड़ा तथा संत शिवराम का सान्निध्य प्राप्त होगा। आयोजन सकल हिन्दू समाज, खामोर मंडल के तत्वावधान में सम्पन्न होगा।

आयोजकों ने सभी ग्रामवासियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की है।

Next Story