प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा भीलवाड़ा में विशाल साधु संत महासम्मेलन कल

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा भीलवाड़ा में विशाल साधु संत महासम्मेलन कल
X

भीलवाड़ा । धर्मनगरी भीलवाड़ा में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विजयसिंह पथिकनगर केन्द्र के तत्वावधान में 15 मार्च रविवार को विशाल साधु संत महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। पथिकनगर स्थित अग्रवाल भवन में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक होने वाले महासम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस आयोजन में भीलवाड़ा जिले के विभिन्न धर्म स्थलों की सेवा एवं पूजा कार्य करने वाले संत महात्मा, पुजारी, पंडित आदि शामिल होंगे।

कार्यक्रम में ऋषिकुल धाम जोधपुर के आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. श्री शिव स्वरूपानंदजी महाराज, सहारनपुर से आचार्य महामंडलेश्वर कमलकिशोरजी महाराज, हरिशेवाधाम भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी श्री हंसारामजी उदासीन, ब्रह्माकुमारी प्रयागराज की धार्मिक प्रभाग अध्यक्ष राजयोगिनी ब्रह्माकुमारीज मनोरमा दीदी एवं ब्रह्माकुमारीज माउंट आबू के धार्मिक प्रभाग मुख्यालय संयोजक ब्रह्माकुमार रामनाथ भाई का सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। भीलवाड़ा में पहली बार हो रहे इस तरह के आयोजन को लेकर सनातन धर्म के आधार समझने वाले संत महात्मा एवं पंडित पुजारी वर्ग में उत्साह का माहौल है।

ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के भीलवाड़ा केन्द्र की प्रभारी बीके इंदिरा दीदी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिकता के माध्यम से सनातन संस्कृति से जुड़ाव बढ़ाना है। सनातन संस्कृति केवल परम्पराओं का संग्रह नहीं,बल्कि एक जीवन दर्शन है जिसकी जड़े आध्यात्मिकता में गहराई से समाई हुई है। आध्यात्मिकता के माध्यम से ही सनातन संस्कृति की रक्षा, पुर्नस्थापना ओर प्रसार संभव है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में संतों द्वारा आशीर्वचन के बाद राजयोगी युगलों का सम्मान किया जाएगा। समारोह में राजयोगानुभूति के माध्यम से सुखी एवं तनाव रहित जीवन के बारे में बताया जाएगा। इसके माध्यम से समझाया जाएगा कि किस तरह आध्यात्मिकता के सहारे सनातन संस्कृति की रक्षा का कार्य किया जा सकता है।

*आध्यात्मिकता के साथ सनातन संस्कृति से जुड़े हैं सम्मेलन के अतिथि*

महासम्मेलन में सानिध्य प्रदान करने आ रहे ऋषिकुल धाम जोधपुर के आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. शिव स्वरूपानंदजी महाराज श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के महामंडलेश्वर होने के साथ ऋषिकुलधाम के पीठाधीश्वर है। वह भारतीय युवा साधु संगठन के अध्यक्ष, विरक्त सन्यासी परिषद के उपाध्यक्ष, विश्व हिन्दु परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार का दायित्व भी संभाल रहे हैं । परम तत्ववेत्ता संत कमलकिशोरजी महाराज ऐसे जीवंत गुरू माने जाते है जिनसे प्रेम से परिपूर्ण समर्पण के साथ सम्पर्क में आते ही शारीरिक, मानसिक, आत्मिक एवं आध्यात्मिक बाधाएं अपने आप समाप्त होने लगती है।आयुर्वेद के सम्पूर्ण ज्ञाता एवं शांति प्रदाता होने के साथ वह विभिन्न धर्म ग्रंथों एवं महापुरूषों के जीवन का भी गहराई से अध्ययन कर चुके है। सम्मेलन में शामिल हो रहे ब्रह्माकुमारीज के धार्मिक विंग की अध्यक्ष एवं प्रयागराज सेंटर की प्रभारी बीके मनोरमा दीदी ने राजयोग जैसे गहन विषय को सरल व वैज्ञानिक प्रद्धति से समझाते हुए देश विदेश के अनेक लोगों को जीवन जीने की सही प्रद्धति का ज्ञान प्रदान किया है। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय माउंट आबू के धार्मिक सेवा प्रभाग के मुख्यालय संयोजक ब्रह्माकुमार रामनाथ भाई ने आध्यात्मिकता में अनुपम रूचि होने के साथ भारतीय दर्शन एंव विश्व के विभिन्न धर्मो का गहन अध्ययन किया है। मन की शांति के लिए राजयोग मेडिटेशन द्वारा देश दुनिया के विभिन्न सेवा स्थानों पर जाकर सेवाएं की है। हरिशेवा धाम भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसारामजी उदासीन एक संगत,एक पंगत, एक भेष ओर एक भूषा की थीम के साथ आप जात पांत का भेद मिटा सभी सनातनियों को जोड़ने का कार्य कर रहे है।

Next Story