धर्मनगरी भीलवाड़ा में 19 फरवरी से विशाल सनातन समागम, धर्म और भक्ति की बहेगी अविरल धारा

भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 19 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह की साक्षी बनने जा रही है। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर परिसर में आयोजित इस ऐतिहासिक समागम में देश-विदेश से सनातनी धर्मप्रेमी शामिल होंगे। इस अवसर पर आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को विधिपूर्वक दीक्षा प्रदान की जाएगी।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। स्वामी हंसराम उदासीन महाराज ने बताया कि यह आयोजन किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि समस्त सनातन समाज का है, जिसका उद्देश्य सनातन एकता का संदेश विश्वभर में पहुंचाना है। एक संगत, एक पंगत और एक भाषा की भावना के साथ आठ दिन तक धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव के तहत 19 से 25 फरवरी तक श्रीधाम वृंदावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुंदर पाराशर द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन होगा। वहीं प्रतिदिन सायं रासलीला का आयोजन किया जाएगा। 26 फरवरी को प्रातः दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का मुख्य आयोजन होगा।
19 फरवरी को श्रीमद्भागवत महापुराण पोथी कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। महोत्सव के दौरान यज्ञ, पाठ, संकीर्तन एवं काशी की तर्ज पर गंगा आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए भीलवाड़ा के समस्त सनातन समाज एवं संत महात्माओं का सहयोग मिल रहा है।
