पुर में चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटी, बीच-बचाव करने आए युवक पर भी हमला
भीलवाड़ा हलचल। जिले के पुर थाना क्षेत्र में दो युवकों के साथ चाकूबाजी कर सोने की चेन छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुर निवासी भरत माली ने बताया कि वह अपने दोस्त पवन के साथ घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां विनोद पारीक नाम का युवक आया और उनसे कहीं चलने के बारे में पूछने लगा। भरत और पवन ने बताया कि वे होटल जा रहे हैं। आरोपी विनोद भी उनके साथ होटल तक गया।
होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने भरत को थोड़ा आगे बुलाया और अचानक चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर लगा दिया। आरोपी ने डरा-धमकाकर भरत के गले से सोने की चेन छीन ली और भागने की कोशिश की। जब भरत के दोस्त पवन ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, तो आरोपी ने पवन पर भी चाकू से वार कर दिया और वहां से भाग निकला। दोनों का अस्पताल में ईलाज जारी है । पीड़ित ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
