100 फीट रोड पर कैफे में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका; मालिक झुलसा,लाखों का नुकसान
भीलवाड़ा पुनीत । शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के तहत 100 फीट रोड पर स्थित एक कैफे में बीती देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में कैफे मालिक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के दौरान कैफे में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर फटने से धमाका इतना जोरदार था कि दुकान का शटर दूर जाकर गिरा और दीवारों में दरारें आ गई।
शॉर्ट सर्किट बना काल, धू-धू कर जला कैफे
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। मंशा (थाना कोटड़ी) निवासी 25 वर्षीय बिल्लू जाट पुत्र कल्याण जाट के कैफे में रखे इलेक्ट्रिक स्कूटर के चार्जर में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कैफे में रखा सामान खाक हो गया। आग बुझाने के प्रयास में संचालक बिल्लू जाट झुलस गया।
सिलेंडर ब्लास्ट से तबाही
आग लगने के कुछ ही देर बाद कैफे में रखा कमर्शियल सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके के प्रभाव से कैफे का लोहे का शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा और पूरी इमारत में दरारें आ गईं। पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब 2 घंटे की देरी से पहुंची, जिससे आग पर काबू पाने में काफी समय लगा और तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
शोरूम संचालक पर आरोप
इस अग्निकांड में कैफे मालिक को करीब 8 से 10 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग में 2 फ्रिज, 1 स्प्लेंडर बाइक, इलेक्ट्रिक स्कूटर, 5 मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान जल गए। दुकानदार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूम संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चार्जर में खराबी की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन हर बार उसे ठीक करके वापस दे दिया गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
