गुरला में विराट हिंदू सम्मेलन रविवार को, तेज हुआ जनजागरण अभियान

गुरला (बद्री लाल माली)। गुरला में रविवार को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में सरस्वती बाल विद्या मंदिर विद्यालय में समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में पुरुषोत्तम त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि आठ फरवरी रविवार को गुरला स्थित रामदेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए संपूर्ण गुरला में भ्रमण करेगी और कालका माता मंदिर के पास स्थित मालियों के पंचायती नोहरा में पहुंचेगी, जहां संत-महात्माओं एवं वक्ताओं का उद्बोधन होगा।
बैठक के दौरान आयोजन समिति द्वारा गठित विभिन्न समितियों के कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पिछले कुछ दिनों से कार्यकर्ताओं की टोली गुरला मंडल के दाता का खेड़ा, तकड़िया, जागरदी, सोपुरा, मोमी, गोवलीया, लावड़ों का बाड़ा, केलाशपुरी, कुम्हारी खेड़ा, टीलों का खेड़ा सहित गुरला कस्बे के सभी मोहल्लों में घर-घर जाकर सम्मेलन के लिए प्रचार-प्रसार कर रही है।
इसके साथ ही गांव-गांव जाकर जनजागरण एवं संपर्क अभियान चलाया जा रहा है और अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेने का आव्हान किया जा रहा है। प्रमुख स्थानों एवं गांवों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं तथा पत्रकों का वितरण किया जा रहा है।
विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मुख्य बाजारों और चौराहों पर झंडियां, बैनर एवं अन्य सजावटी सामग्री से सजावट का कार्य भी उत्साही युवकों द्वारा शुरू कर दिया गया है।
