SIR एवं वोट चोर गद्दी छोड़ो, लोकतंत्र बचाओ” को लेकर दिल्ली में रविवार को महारैली , भीलवाड़ा से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता होंगे शामिल

भीलवाड़ा हसलचल; अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली बड़ी महारैली में भीलवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। जिले से बसों और करीब 50 से अधिक चारपहिया वाहनों के माध्यम से कांग्रेस जन दिल्ली पहुंचेंगे, जबकि कुछ कार्यकर्ता ट्रेन से भी रवाना होंगे। शहर से कुल तीन बसें दिल्ली के लिए जाएंगी।यह महारैली भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ आयोजित की जा रही है। रैली का नारा SIR एवं वोट चोर गद्दी छोड़ो, लोकतंत्र बचाओ रखा गया है। कांग्रेस का कहना है कि यह आयोजन लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का मंच बनेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होंगे। शनिवार को जिलाध्यक्ष दिल्ली में मौजूद रहे, जहां से उन्होंने रैली की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता 13 दिसंबर की रात बसों के जरिए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे, जबकि कई कार्यकर्ता ट्रेन से भी रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह महारैली पार्टी के लिए बेहद अहम है और जिले के हर वर्ग के कांग्रेस जन इसमें भाग लेकर एकजुटता का संदेश देंगे।
रामलाल जाट ने बताया कि इस महारैली में जिले के एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, पूर्व मंत्री, विधायक, पूर्व प्रत्याशी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। इसके अलावा सभी ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारी, अग्रिम संगठन, विभिन्न प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारी भी दिल्ली पहुंचेंगे। नगर निकाय और पंचायत राज संस्थाओं से जुड़े कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी रैली में भाग लेंगे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इतनी व्यापक भागीदारी से जिले की मजबूत उपस्थिति राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज होगी।
शहर अध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया कि भीलवाड़ा शहर के दादाबाड़ी, शास्त्रीनगर हरिजन बस्ती और पुर क्षेत्र से एक एक बस दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके अलावा सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने निजी वाहनों से भी महारैली में शामिल होंगे।
