मंशा में हनुमान जन्मोत्सव पर निकलेगी शोभायात्रा, सजेगा छप्पन भोग

भीलवाड़ा। ग्राम पंचायत मंशा में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर 'एक दिन बालाजी के नाम' के तहत विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा, अखाड़ा प्रदर्शन और छप्पन भोग प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6.15 बजे प्रभु के अभिषेक के साथ होगी। इसके पश्चात प्रातः 8.15 बजे गौ माता को चारा वितरण किया जाएगा तथा प्रातः 10.15 बजे सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन होगा।
श्रद्धालु दोपहर 12.15 बजे से भगवान के छप्पन भोग के मनमोहक दर्शन कर सकेंगे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में दोपहर 2.15 बजे से प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके अंतर्गत हैरतअंगेज अखाड़ा प्रदर्शन भी किया जाएगा। तत्पश्चात, सायं 7.15 बजे प्रभु की महाआरती होगी एवं श्रद्धालुओं में छप्पन भोग प्रसादी का वितरण किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों की इस श्रृंखला में रात्रि 9.15 बजे से वैष्णव म्यूजिकल द्वारा संगीतमय भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
