9 साल से फरार 5,000 रुपये का ईनामी दुष्कर्मी जयपुर से गिरफ्तार

भीलवाड़ा। पुलिस थाना सुभाषनगर ने महिला से दुष्कर्म के 09 वर्ष पुराने गंभीर मामले में फरार चल रहे 5,000 रुपये के ईनामी एवं स्थायी वारंटी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के महमूदपुर निवासी टिंकू सिंह 33 पुत्र भारत सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है।
सुभाषनगर थानाधिकारी सुभाषनगर कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि 12 मई 2017 को थाना सुभाषनगर पर एक प्रकरण दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म एवं पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले जाने के गंभीर आरोप थे। अनुसंधान के दौरान आरोपी टिंकू सिंह को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के पश्चात वह फरार हो गया। लगातार फरारी के चलते आरोपी को स्थायी वारंटी घोषित कर 5,000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस की सतत निगरानी एवं तकनीकी सूचना के आधार पर जिला स्पेशल टीम ने जयपुर से आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार किया।
