वृद्धजन स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण को लेकर चिकित्सकों की समीक्षा बैठक आयोजित

भीलवाड़ा। वृद्ध जन देखभाल नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीएचसीई) के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को आईएमए हॉल में जिले के चिकित्सकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने की।
बैठक के दौरान सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन, विशेषकर वृद्धजनों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों पर वैक्सीन की सतत उपलब्धता सुनिश्चित कर एमआर-1 एवं एमआर-द्वितीय टीकाकरण में आ रहे गेप को शीघ्र सुधार कर लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिये।
बैठक में जिले के समस्त बीसीएमओ, बीपीओ एवं विभिन्न चिकित्सा संस्थानों से आए चिकित्सकों सहित जिला स्तर के अधिकारी-अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल, डीडीडब्ल्यूएच डॉ. अशोक खटवानी, एमजीएच से डॉ. रीटा सिंह, डीटीओ डॉ. प्रदीप कटारिया, डीपीएम योगेश वैष्णव, डीएनओ डॉ. योगेन्द्र पालीवाल, डीपीओ-एनसीडी सुमित श्रीमाली, डीपीसी रामस्वरूप सेन, डीपीसी तरूण चाष्टा, डीपीओ (मां योजना) प्रदीप दाधीच सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
सीएमएचओ ने बैठक में चिकित्सा संस्थानों पर हब एंड स्पोक सेंटर शुरू करने, टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग एवं पोषण किट वितरण सुनिश्चित करने, परिवार कल्याण कार्यक्रम में दो बच्चों पर नसबंदी के मामलों में वृद्धि, सिलिकोसिस रोगियों की पहचान, मेडलेपार पोर्टल पर पंजीयन एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग, तथा पीएमजेएवाई योजना के तहत आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन योजना में प्रगति बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ गैर-संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं, पोषण की कमी एवं पुनर्वास सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे में चिकित्सकों को अपने-अपने संस्थानों पर वृद्धजनों को प्राथमिकता देते हुए समग्र एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करनी होंगी। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने सभी चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे वृद्धजन स्वास्थ्य कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर जिले के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें।
बैठक में अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर ने परिवार कल्याण सेवाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए राज्य स्तर से निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध कम प्रगति वाले चिकित्सा संस्थानों को कमियां दूर कर शीघ्र सुधार के निर्देश दिये।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने वृद्धजनों में पाई जाने वाली प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं, समय पर निदान, उपचार, रेफरल व्यवस्था एवं सतत देखभाल की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध जांच, उपचार एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी साझा की।
