श्री बाबा धाम में महाअष्टमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सामूहिक दुर्गा पूजन और हवन संपन्न

श्री बाबा धाम में महाअष्टमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सामूहिक दुर्गा पूजन और हवन संपन्न
X

भीलवाड़ा। शहर के प्रसिद्ध श्री बाबा धाम मंदिर में नवरात्रा महोत्सव के तहत महाअष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा धाम परिवार द्वारा सामूहिक महाअष्टमी दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ उठाया।

हवन-पूजन और विशेष अभिषेक

महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक दुर्गा पाठ, अभिषेक और माँ दुर्गा की विशेष अर्चना की गई। पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और 'जय माता दी' के जयकारों से गुंजायमान रहा। बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप दिया गया है।

कल होगा नवरात्रा का समापन और कन्या पूजन

नवरात्रा के नौ ही दिन माताजी का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। महोत्सव के अंतिम दिन, शुक्रवार 27 मार्च 2026 को सुबह 9:15 बजे से पंडित गोविंद गौतम एवं अन्य विद्वान पंडितों के निर्देशन में हवन की पूर्णाहूति दी जाएगी। इसके पश्चात भव्य आरती और कन्या पूजन का आयोजन होगा।

श्रद्धालुओं की अटूट आस्था

नवरात्रा के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा धाम पहुँच रहे हैं। कल अंतिम दिन सुबह 10:15 बजे से विशेष पूजन व पूर्णाहूति होगी, वहीं सायंकाल 7:15 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। बाबा धाम परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।

Next Story