झूलेलाल सनातन मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: 51 दंपतियों ने दी आहुतियां, 501 कन्याओं का हुआ पूजन

भीलवाड़ा। स्थानीय शाम की सब्जी मंडी स्थित पूज्य झूलेलाल सनातन मंदिर में आज चैत्र नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर अष्टमी पूजन का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सिंधी समाज सहित स्थानीय क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
यज्ञ-हवन में गूंजे वैदिक मंत्र
महोत्सव का शुभारंभ संस्थाध्यक्ष चेलाराम लखवानी के सानिध्य में यज्ञ-हवन के साथ हुआ। समाजसेवी किशोर लखवानी ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 51 दंपतियों ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की। संस्थान के सेवक मोहन तुलस्यानी मुख्य जजमान रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीफल भेंट कर यज्ञ देव का आह्वान किया।
कन्या पूजन और 56 भोग
वरिष्ठ समाजसेवी हेमनदास भोजवानी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान 501 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया। कन्याओं के पैर पखारकर, तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया। पूजन के पश्चात कन्याओं को भोजन प्रसादी और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद माँ भगवती और भगवान झूलेलाल को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
महाआरती और सांस्कृतिक उल्लास
संध्या काल में 151 दीपकों से भगवान की भव्य महाआरती की गई और पल्लव अरदास की गई। बैंड बाजों की मधुर धुन पर समाजजन थिरक उठे। 'आयोलाल-झूलेलाल' और 'साँचे दरबार की जय' के गगनभेदी जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी परोसी गई।
उपस्थिति: कार्यक्रम में एम.डी राम, जानकी आसनानी, शेरू निहालानी, सुनीता मोहन तुल्सियानी, पलक विजय गुरनानी, प्रिया संदीप लुधानी, ओम बाबानी, वासुदेव मोतियानी, लालचंद नथरानी, मोनिषा प्रमोद कान्जानी, जाह्नवी परमानंद तनवानी, बाबूलाल शर्मा, रमेश आडवानी सहित सैकड़ों की संख्या में सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
