रामनिवास धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब: निर्वाण महोत्सव के आगाज पर 25 परिवारों को राशन वितरण

रामनिवास धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब: निर्वाण महोत्सव के आगाज पर 25 परिवारों को राशन वितरण
X

शाहपुरा (मूलचंद पेसवानी)। आस्था, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम शुक्रवार को शाहपुरा स्थित रामनिवास धाम में साकार हुआ। रामस्नेही संप्रदाय के संस्थापक महाप्रभु स्वामी रामचरण महाराज के 228वें निर्वाण महोत्सव का भव्य शुभारंभ राम नाम जप यज्ञ के साथ किया गया। पांच दिवसीय इस महोत्सव के पहले ही दिन पूरा परिसर 'राम-राम' की गूंज से भक्तिमय हो उठा।

महोत्सव के प्रथम दिन कार्यवाहक भंडारी संत नवनीध राम महाराज ने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने महाप्रभु की महिमा का बखान करते हुए कहा—“ब्रह्म देश सू आईया, धर रामचरण जी नाम, भक्ति राज जमाय कै, फिर पहुँच्या वाही ठाम।” महाराज श्री ने स्पष्ट किया कि जीव परमात्मा की अमूल्य थाती है, जो अज्ञानता के कारण प्रभु से विमुख हो जाता है। गुरु ही वह माध्यम है जो जीव को पुनः परमात्मा के चरणों में समर्पित करता है। उन्होंने राजा के सात परकोटों का उदाहरण देते हुए समझाया कि जिस प्रकार परकोटे पार करने के बाद राजा के दर्शन सुलभ होते हैं, उसी प्रकार गुरु के मार्गदर्शन में साधना के पड़ाव पार करने पर ईश्वर का साक्षात्कार होता है।

भक्ति के साथ सेवा का संकल्प

धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मानवता की सेवा का संकल्प भी दोहराया गया। संत नवनीध राम महाराज की प्रेरणा से समाजसेवी रामहेत धुमस द्वारा 25 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित की गई। इस पुनीत कार्य के लिए संस्थान ने धुमस परिवार का अभिनंदन किया।

उपस्थिति एवं आगामी कार्यक्रम

इस अवसर पर सूर्यप्रकाश बिड़ला, कैलाश चंद्र तोषनीवाल, रामेश्वर लाल बसेर, दीनदयाल मारू, नारायण सिंह, राकेश सोमाणी सहित बड़ी संख्या में रामस्नेही भक्त मौजूद रहे। यह महोत्सव 7 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन सत्संग, भजन और विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

Tags

Next Story