कुएं में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, इंजन चालू करते समय हुआ हादसा

कुएं में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, इंजन चालू करते समय हुआ हादसा
X

आसींद/शंभूगढ़ (हलचल)। आसींद क्षेत्र के शंभूगढ़ थाना इलाके के रुपपुरा गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अपने खेत पर काम करने गया एक 27 वर्षीय युवक अचानक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुपपुरा निवासी धर्मीचंद भील (27) पुत्र ईश्वर भील शुक्रवार सुबह अपने खेत पर सिंचाई के लिए इंजन चालू करने गए थे। इसी दौरान इंजन चालू करने के प्रयास में अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे बिना मुंडेर वाले गहरे कुएं में जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और शंभूगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शंभूगढ़ पुलिस के एएसआई दीपेंद्र सिंह राठौड़ जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक धर्मीचंद की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया।

एएसआई दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ईश्वर भील द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Tags

Next Story