ट्रेलर चालक की लापरवाही से कार सवार युवक की मौत

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हरिपुरा चौराहे के निकट ट्रेलर चालक की लापरवाही से कार सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव ने बताया कि नागौर जिले के मकराना क्षेत्र के रामथलिया थाना क्षेत्र का निवासी तथा वर्तमान में मोड़ का निम्बाहेड़ा में रह रहा नागेंद्र सिंह (30) पुत्र जीवराज सिंह सालर प्लांट लगाने का कार्य करता था। वह देर रात अपने मित्र की कार लेकर भीलवाड़ा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही कार ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने उसे उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई देवेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि मृतक नागेंद्र की सगाई दो दिन पहले शुक्रवार को ही हुई थी, जिससे परिवार में शोक की लहर है।
