जबरकिया में 15 मार्च को होगा नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन

आसींंद (भीलवाड़ा हलचल)। जिला अंधत्व निवारण समिति भीलवाड़ा के आर्थिक सहयोग एवं नेहरू युवा संस्थान के सौजन्य से गोमाबाई नेत्रालय, नीमच द्वारा आगामी 15 मार्च 2026, रविवार को एक विशाल नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जा रहा है। नेहरू युवा संस्थान के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर अंटाली तहसील की ग्राम पंचायत मोतीपुर के ग्राम जबरकिया स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित होगा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा होगी जांच
शिविर का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नेत्र रोगियों की नजर, चश्मा, कालापानी, मोतियाबिंद, नासूर एवं पर्दे की बीमारियों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। साथ ही शिविर में आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की जाएंगी।
नि:शुल्क ऑपरेशन एवं रियायती सुविधाएं
जांच के दौरान मोतियाबिंद के लिए चयनित मरीजों का ऑपरेशन (लेंस प्रत्यारोपण सहित) गोमाबाई नेत्रालय, नीमच में निर्धारित तिथि पर पूर्णतः नि:शुल्क किया जाएगा। चयनित मरीजों को शिविर स्थल से नेत्रालय ले जाने हेतु बस की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त, नेत्रालय रेफर होने वाले मरीजों को अन्य प्रकार के ऑपरेशनों पर 10 से 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
मरीजों के लिए आवश्यक निर्देश
संस्थान ने आग्रह किया है कि मरीज पूरी तैयारी के साथ आएं। शिविर में आने वाले सभी लाभार्थियों को अपना आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और स्वयं या परिजन का मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। इस पुनीत कार्य में नेहरू युवा संस्थान के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सांवरलाल जाट (ईरास) एवं सुनील भाटी बरसनी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
