रामनगर स्कूल में जनसहयोग से बना भव्य सरस्वती मंदिर, समरसता भोज के साथ हुआ समारोह

रामनगर स्कूल में जनसहयोग से बना भव्य सरस्वती मंदिर, समरसता भोज के साथ हुआ समारोह
X

आसींद (हलचल)। आसींद विधानसभा क्षेत्र की गढ़वालों खेड़ा पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रामनगर में जनसहयोग की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। ग्रामीणों के साझा प्रयासों से स्कूल परिसर में एक भव्य सरस्वती मंदिर और किचन शेड का निर्माण कराया गया है, जिसका लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

प्रधानाध्यापक रामदयाल चौधरी ने बताया कि इस पुनीत कार्य के लिए गांव के प्रत्येक घर से सहयोग राशि एकत्रित की गई थी। निर्माण पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी जग जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश सुथार, एसीबीओ कृष्ण पाल सिंह राठौड़, प्रधान कृष्ण सिंह राठौड़, जिला परिषद सदस्य रामलाल सोलंकी, सरपंच हेमराज गढ़वाल और आसींद साक्षरता अधिकारी घासीराम जाट सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

राष्ट्र के प्रति समर्पण का आह्वान

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत मंत्री ओम प्रकाश आमेटा ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें भारत माता के लिए "तन, मन और धन" समर्पित करने का भाव रखना चाहिए।

भजन संध्या और शोभायात्रा का उत्साह

शिक्षक महावीर गुर्जर ने मंच संचालन करते हुए बताया कि आयोजन के तहत प्रातःकाल भव्य शोभायात्रा निकाली गई और सायंकाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। भारत माता की आरती के दौरान ग्रामीणों का उत्साह चरम पर था। कार्यक्रम के समापन पर 'समरसता भोज' का आयोजन किया गया, जिसमें संपूर्ण ग्रामवासियों ने ऊंच-नीच का भेद मिटाकर एक साथ भोजन प्रसादी ग्रहण की। अंत में एसएमसी अध्यक्ष हरदेव प्रजापत ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया।

Tags

Next Story