कटार गांव में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन, शोभायात्रा और धर्म सभा में उमड़ा जनसैलाब

आसींद। आसींद उपखंड क्षेत्र के कटार गांव में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मातृशक्ति और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को लेकर गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सम्मेलन की शुरुआत पाबूजी के स्थान से हुई, जहां 200 बालिकाओं द्वारा मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पाटन महंत रामकृष्ण दास महाराज, आयोजन समिति अध्यक्ष संग्राम सिंह राठौड़, मांगीलाल रायका, मेवाराम गुर्जर, दशरथ सिंह, बालचंद दक, प्रभुलाल दक सहित अनेक प्रमुख व्यक्ति शामिल रहे।
शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान श्री बजरंग अखाड़ा के सदस्यों ने पंचायत भवन चौक, गढ़ चौक, हनुमान मंदिर, बस स्टैंड और शिव मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर व्यायाम और कलाबाजियों का आकर्षक प्रदर्शन किया। न्यू लुक चिल्ड्रन एकेडमी द्वारा भारत माता की झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे लोगों ने सराहा।
विद्यालय परिसर में आयोजित धर्म सभा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत 'आरंभ है प्रचंड' एवं राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुतियां दी गईं। धर्म सभा को संबोधित करते हुए महंत रामकृष्ण दास महाराज ने हिंदू धर्म की प्राचीन परंपरा और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता पोखर लाल ने संगठन की एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता के चित्र के समक्ष महाआरती के साथ किया गया। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अशोक साहू ने किया।
