आसींद में पांच वर्ष से हर रविवार नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप, प्रवर्तक सुकन मुनि का मिलेगा आशीर्वाद

आसींद (सुरेंद्र संचेती) वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के सानिध्य में पिछले 5 वर्षों से हर रविवार को नियमित रूप से नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप चल रहा है जिसमें सैकड़ों श्रावक श्राविकाएं श्रद्धा के साथ भाग लेते है। आगामी 15 फरवरी रविवार को 5 वर्ष पूर्ण होने पर प्रवर्तक सुकन मुनि एवं साध्वी कमल प्रभा म.सा. का आशीर्वाद संघ को प्राप्त होगा।
सम्पूर्ण विश्व में रहे हुए मंत्रों में से सर्वश्रेष्ठ कोई मंत्र है, तो वह नवकार महामंत्र है। अन्य सभी मंत्रों से शक्ति की उपासना है जब की नवकार मंत्र शुद्धि का मंत्र है। अरिहंत परमेष्ठि करुणा के,सिद्ध परमेष्ठि पूर्णता के,आचार्य परमेष्ठि आचार के, उपाध्याय परमेष्ठि विनय के, साधु परमेष्ठि सहायता के प्रतीक है।
श्रावक सुरेन्द्र संचेती ने बताया कि नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से अनेक लाभ होते है। सामूहिक जाप से एक शक्तिशाली ऊर्जा का निर्माण होता है, सामूहिक जाप से आध्यात्मिक प्रगति और आत्मा की शुद्धि होती है। नकारात्मक ऊर्जा का नाश होकर वातावरण शुद्ध होता है। शांति और सुख के साथ साथ एकता और भाईचारा बढ़ता है।
पिछले 5 वर्ष से नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के पश्चात गुप्त लाभार्थी परिवारों द्वारा 1000 रु का लक्की पुरस्कार निकाला जाता है एवं पुण्यशाली परिवारों द्वारा प्रभावना का वितरण किया जाता है। छठे वर्ष में प्रवेश करने पर उपस्थित सभी श्रावक श्राविकाएं कुछ ना कुछ तप और त्याग के प्रत्याख्यान लेंगे। नवकार महामंत्र के इस सामूहिक जाप में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले श्रावक श्राविकाओं की संघ अनुमोदना करता है।
