गुलाबपुरा में PWD की सड़कों व पुलिया की जर्जर हालत पर गुलाबपुरा निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सुमित काल्या ने जताई नाराज़गी

गुलाबपुरा में PWD की सड़कों व पुलिया की जर्जर हालत पर गुलाबपुरा निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सुमित काल्या ने जताई नाराज़गी
X


आसींद (मंजूर)। आसीन्द हुरड़ा विधान सभा के गुलाबपुरा कस्बे में मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा गुलाबपुरा क्षेत्र में कराए गए सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्यों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इसको लेकर निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष सुमित काल्या ने उपखण्ड अधिकारी गुलाबपुरा को पत्र लिखकर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।

निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सुमित काल्या ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है* लेकिन अब तक किसी प्रकार का निस्तारण नहीं होने से आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि गुलाबपुरा का आईटीआई रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जहां जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त होने के बावजूद लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहा है। इसी प्रकार हुरड़ा रोड पर बनी सीसी सड़क भी टूट-फूट का शिकार है, जिससे स्कूल-कॉलेज के छात्र, दुपहिया वाहन चालक एवं दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही बिजयनगर-गुलाबपुरा मुख्य मार्ग पर खारी नदी की पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित होने पर भी निवर्तमान अध्यक्ष सुमित काल्या ने चिंता जताई उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है, जिससे आसपास के गांवों का संपर्क कट जाता है और आमजन को गंभीर परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।इस समस्या को लेकर गुलाबपुरा नगर पालिका के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष सुमित काल्या ने मांग की है कि आईटीआई रोड का तत्काल सर्वे कराकर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए, हुरड़ा रोड की क्षतिग्रस्त सीसी सड़क की शीघ्र रिपेयरिंग करवाई जाए तथा बिजयनगर-गुलाबपुरा मार्ग पर खारी नदी की पुलिया का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तुरंत प्रारंभ किया जाए।

वही गुलाबपुरा निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सुमित काल्या ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा होती हैं और इनकी खराब स्थिति न केवल विकास को बाधित कर रही है बल्कि आमजन की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रही है। प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Tags

Next Story