अभिलाषा देवी डांगी बनी महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल’

अभिलाषा देवी डांगी बनी महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल’
X

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले की हुरड़ा तहसील स्थित बरनी गांव की निवासी श्रीमती अभिलाषा देवी डांगी आज उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं, जो आत्मनिर्भर बनने का सपना देखती हैं। मैसर्स डांगी मिनरल्स एलएलपी की पार्टनर के रूप में उन्होंने न केवल अपने उद्यम को सफलतापूर्वक स्थापित किया, बल्कि यह भी साबित किया कि सही दिशा, मेहनत और सरकारी सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

श्रीमती डांगी द्वारा खसरा नंबर 931 व 932 पर लगभग 3 करोड़ 63 लाख रुपये का निवेश कर फेल्सपार पाउडर निर्माण की एक आधुनिक इकाई स्थापित की गई। इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने 1 करोड़ 40 लाख 36 हजार 589 रुपये का ऋण लिया और 31 मई 2025 को अपने उद्योग का सफलतापूर्वक संचालन शुरू किया।

उद्योग स्थापना के दौरान उन्हें राजस्थान सरकार की राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2024 (RIPS 2024) के तहत 6 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ मिला। इसके साथ ही, राजस्थान MSME पॉलिसी 2024 के अंतर्गत महिला उद्यमी होने के कारण उन्हें अतिरिक्त 2 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी स्वीकृत हुआ। इस प्रकार कुल 8 प्रतिशत ब्याज अनुदान मिलने से उनका बैंक ऋण लगभग ब्याज मुक्त हो गया, जिससे उनके उद्योग की वित्तीय स्थिति और अधिक मजबूत हुई।

इस सरकारी सहयोग ने न केवल उनके व्यवसाय को गति दी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती भी प्रदान की। आज उनकी इकाई क्षेत्र में रोजगार सृजन के साथ-साथ औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

श्रीमती अभिलाषा देवी डांगी ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त बनाती हैं। यह पहल राज्य सरकार के महिला सशक्तिकरण के विजन को साकार करती है। उनकी यह सफलता कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं। यदि दृढ़ निश्चय और सही मार्गदर्शन मिले, तो हर महिला अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को छू सकती है।

Tags

Next Story