मेले में 'मौत के कुएं' में हादसा, स्टंट के दौरान बाइक सहित गिरी युवती

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में आयोजित प्रसिद्ध रामजी बाबा मेले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मेले में लगे 'मौत के कुएं' में बाइक से स्टंट दिखाते समय एक युवती अचानक असंतुलित होकर बाइक सहित नीचे गिर गई। इस हादसे का 35 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती और एक युवक अपनी-अपनी बाइक से कुएं की दीवारों पर तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे। युवती हाथ छोड़कर करतब दिखा रही थी, तभी अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में सीधे नीचे जा गिरी।
पुलिस ने लिया संज्ञान
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर हादसे की सूचना न तो मेला प्रबंधन ने और न ही 'मौत के कुएं' के संचालक ने पुलिस या प्रशासन को दी। संचालक ने हादसे को छिपाने के उद्देश्य से घायल युवती को तत्काल उठाकर बाहर कर दिया। हालांकि, वहां मौजूद किसी दर्शक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले पर खुद संज्ञान लिया है। एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी, लेकिन अब वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समापन के बाद भी चल रहे झूले
बताया जा रहा है कि रामजी बाबा मेले का आधिकारिक रूप से समापन हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वहां अभी भी दुकानें, झूले और मौत का कुआं संचालित किए जा रहे हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ये खतरनाक स्टंट किए जा रहे थे, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
