आचार्य चाणक्य लॉ कॉलेज में "संवैधानिक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन", ऊर्मिला और अमित रहे विजेता

भीलवाड़ा। आचार्य चाणक्य लॉ कॉलेज में दो दिवसीय इन्टर कॉलेज क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रघुनंदन सिंह कानावत (लोक अभियोजक, सत्र न्यायालय भीलवाड़ा), विशिष्ट अतिथि एडवोकेट अनिल पारीक, संस्थान निदेशक दीपक शर्मा व एडवोकेट प्रहलाद राय व्यास ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। महाविद्यालय के संविधान पर आधारित इस बौद्धिक प्रतियोगिता में बीए एलएलबी व एलएलबी के 60 से अधिक छात्र/छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी संवैधानिक समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम संयोजक शैरल शर्मा ने बताया कि संपूर्ण प्रतियोगिता का आयोजन तीन विभिन्न चरणों में किया गया जिसमें अंतिम चरण बजर रैपिड फायर राउंड मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिता में ऊर्मिला मोतियानी और अमित नौलखा की टीम प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता रही तथा भावना वैष्णव और दिनेश चौधरी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.एस. कानावत ने न्यायालयों के कामकाज और वर्गीकरण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने भावी अधिवक्ताओं को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और लगन से कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही प्रतिभागियों की प्रतियोगिता पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान निदेशक एडवोकेट दीपक शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से छात्रों का शैक्षणिक विकास होता है। उद्बोधन के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया और महाविद्यालय की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि आर.एस. कानावत एवं संस्थान निदेशक दीपक शर्मा ने विजेता टीम को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को महाविद्यालय द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शोभना वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन प्रतीक्षा जैन ने किया।इस कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा शर्मा, सुनंदा बिश्नोई, संतोष कुमार, कमलेश पारीक, रूपेश चन्द्र माधव, निवेदिता पारीक, कुश रोशन, संतोष शर्मा, दिनेश जोशी और सुशीला मीणा आदि उपस्थित थे।
