मिशन एडमिशन:: भीलवाड़ा सहित प्रदेश के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कल से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया

भीलवाड़ा सहित प्रदेश के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कल से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
X


भीलवाड़ा । राजस्थान के सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने का सपना देख रहे अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भीलवाड़ा जिले सहित प्रदेश भर में संचालित 'महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों' और अन्य राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया कल, 11 मार्च से शुरू होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रधानाचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

ऑनलाइन आवेदन और महत्वपूर्ण तिथियां

माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रवेश के लिए अभिभावकों को 14 मार्च से ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। आवेदन शाला दर्पण पोर्टल या स्कूलों द्वारा जारी क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 मार्च को चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की जाएगी। नया शिक्षण सत्र 1 अप्रैल 2026 से विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा।

प्रवेश के नियम और लॉटरी प्रक्रिया

निर्देशों के अनुसार, जिन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी या बाल वाटिकाएं संचालित हैं, वहां नर्सरी कक्षा की सभी सीटों पर नए प्रवेश दिए जाएंगे। अन्य उच्च कक्षाओं के लिए, पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों के अगली कक्षा में प्रमोशन के बाद रिक्त बची सीटों पर ही नए प्रवेश मिल सकेंगे। यदि किसी कक्षा में निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पारदर्शी तरीके से लॉटरी प्रक्रिया अपनाकर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को पाबंद किया है कि वे प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सरकारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें और अभिभावकों को आवेदन में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित इन स्कूलों को लेकर अभिभावकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story