जातिगत अपमान और मारपीट का आरोप, ग्रामवासियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

X

भीलवाड़ा। बनेड़ा तहसील के ग्राम लाम्बियाकलां में एक व्यक्ति के साथ जातिगत अपमान, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि 3 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3.25 बजे अर्जुन बलाई पुत्र श्रवण बलाई अपने घर पर अकेला था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग जबरन घर में घुस आए और जातिगत गालियां देते हुए उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की। आरोप है कि उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते समय जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी गईं।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस घटना की रिपोर्ट 3 फरवरी को रायला थाने में दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं और वे लगातार धमकियां दे रहे हैं।

ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को जान-माल की सुरक्षा प्रदान की जाए।

Tags

Next Story