बेड़च नदी पुल पर सीसी सड़क निर्माण में अनियमितताओं के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

बड़लियास (रोशन वैष्णव)। बड़लियास स्थित बेड़च नदी पुल पर चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से खुला समझौता किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार पुल पर बनाई जा रही सीसी सड़क में मजबूती के लिए आवश्यक सरिया मानकों के अनुरूप नहीं डाला जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा लागत बचाने के उद्देश्य से सरिया की मात्रा कम रखी जा रही है। जब ग्रामीणों ने इस संबंध में आपत्ति जताई तो केवल औपचारिकता निभाते हुए नाममात्र सरिया डालकर निर्माण कार्य को आगे बढ़ा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पुल क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही होती है। यदि निर्माण कार्य कमजोर गुणवत्ता का रहा तो सड़क अल्प समय में ही क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि न तो अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे और न ही फोन कॉल का जवाब दिया गया। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सीसी सड़क निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा निर्माण कार्य को पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वे उच्च अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर संभावित हादसे का इंतजार किया जाएगा।
