मानवता की मिसाल, डिब्बे में फंसे बेजुबान की बचाई जान

भीलवाड़ा । शहर में मानवता और सेवा भाव का एक प्रेरक उदाहरण सामने आया है, जहाँ कुछ जागरूक समाजसेवियों ने अपनी तत्परता से एक बेजुबान श्वान को मौत के मुँह से बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, एक आवारा श्वान का मुँह अचानक प्लास्टिक के एक खाली डिब्बे में फंस गया था। डिब्बा बुरी तरह फंसने के कारण कुत्ता न तो कुछ खा पा रहा था और न ही उसे ठीक से सांस आ रही थी।
दम घुटने की वजह से श्वान घबराहट में इधर-उधर भाग रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी कृष, राज, और महेश पुरी की नजर उस पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुत्ता डरा होने के कारण पास नहीं आने दे रहा था, लेकिन काफी मशक्कत और सूझबूझ के साथ साथियों ने उसे काबू में किया और सावधानीपूर्वक उसके मुँह से प्लास्टिक का डिब्बा काटकर हटाया।
डिब्बा निकलते ही श्वान ने राहत की सांस ली और वह सामान्य स्थिति में आ गया। समाजसेवियों के इस निस्वार्थ प्रयास की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की है। यह घटना संदेश देती है कि यदि इंसान थोड़ी सी संवेदनशीलता दिखाए, तो बेजुबानों की जान बचाई जा सकती है।
