उदयपुर संभाग की संगठनात्मक दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

भगवानपुरा ( कैलाश शर्मा ) राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) – उदयपुर संभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आज प्रातः 10 बजे से सरस्वती भवन उदयपुर स्थित हिरणमंगरी सेक्टर चार में प्रारंभ होकर सांय 5 बजे तक परिणाम प्रधान एवं सारगर्भित चर्चाओं के साथ सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष महिला सुषमा बिश्नोई ने की
संभाग संगठन मंत्री महिला मंजू कुमावत ने चारों सत्रों का संचालन कराते हुवे सर्व प्रथम अतिथियों का परिचय करवाकर आसन ग्रहण करवा कर सरस्वती पूजन करवा कर स्वागत सम्मान के बाद सभी उपस्थित प्रदेश एवं जिलों से आए संभागीयों का परिचय कराया
बैठक में आगामी शैक्षिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्ययोजनाओं तथा नवाचारों पर विस्तृत मंथन हुआ। प्रमुख एजेंडा में महिला संवर्ग बैठक (16 नवम्बर 2025) की तैयारियाँ, प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन में संभागीय सहभागिता, “हमारा विद्यालय – हमारा तीर्थ” प्रकल्प, प्रवास योजना क्रियान्वयन, मीडिया प्रकोष्ठ सुदृढ़ीकरण तथा जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग की रूपरेखा शामिल रही।
हाल ही में सम्पन्न स्थायी समिति की बैठक के निर्णयों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन बांसवाड़ा में प्रस्तावित है, जिसमें भागीदारी हेतु प्रत्येक कार्यकर्ता को ₹100 शुल्क सहित 15 दिन पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। महिला संवर्ग की बैठक उपशाखा स्तर पर 16 नवम्बर को तीन सत्रों में आयोजित की जाएगी।
जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग 25 दिसंबर 2025 से 04 जनवरी 2026 के मध्य दो दिवसीय आवासीय रूप में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उपशाखा से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति रहेगी।
इसके साथ ही “हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ” प्रकल्प को सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया गया।
बैठक चार सत्रों में संचालित हुई, जिसमें प्रथम एवं द्वितीय सत्र में वक्ता के रूप में सुषमा बिश्नोई ने महिला संगठन विस्तार, जिला कार्ययोजनाओं तथा “हमारा विद्यालय – हमारा तीर्थ” प्रकल्प से जुड़े नवाचारी प्रयासों पर जिलों से प्राप्त फीडबैक साझा करवाया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक उपशाखा व जिले में पाँच व्यक्तियों की टोली का निर्माण करना है, जो संगठन के महत्वपूर्ण निर्णय पर चर्चा कर प्रस्ताव कार्यकारिणी को भेजेगी, तत्पश्चात जिला व प्रदेश स्तर तक वही प्रस्ताव आगे बढ़ेंगे।
प्रस्तावित प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन के लिए 12–13 या 19–20 दिसंबर 2025 की संभावित तिथियाँ घोषित की गईं, जिनमें भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।
प्रवास कार्यक्रम पर कार्यकर्ताओं को विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि प्रवासी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक माह जिलों एवं उपशाखाओं में प्रवास कर संगठन विस्तार, कार्य संस्कृति और शिक्षकीय संवाद को सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने प्रवास के दौरान प्रतिपादित कार्रवाइयों एवं अपेक्षित कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
बैठक के समापन से पूर्व आयोजित खुले सत्र में शिक्षकों से जुड़े स्थानांतरण, डीपीसी, गैर-शैक्षिक कार्यों से मुक्ति एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संगठन द्वारा प्रभावी पहल करने की आवश्यकता जताई गई।
बैठक में भीलवाड़ा से जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा के नेतृत्व में मंजू कुमावत, ईश्वर सिंह चौधरी,नीता रावत, बनवारी लाल काबरा,कल्पना जैन,कृष्णपाल सिंह, सम्मिलित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं संगठन सुदृढ़ीकरण की भावना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
