भीलवाड़ा से वृंदावन तक मचेगी 'आनंद महोत्सव' की धूम, शताब्दी वर्ष पर होगा सेवा का महाकुंभ

भीलवाड़ा। स्वामी श्री वामदेव अखण्ड-ज्योति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में ब्रह्मलीन श्री वामदेव महाराज के परम शिष्य, महामंडलेश्वर स्वामी अनंत देव गिरी महाराज का 100वां जन्मोत्सव ऐतिहासिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। वृंदावन की पावन धरा पर आगामी 28 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित होने वाले इस 'आनंद महोत्सव' और 'गीता जयंती महोत्सव' में भाग लेने के लिए भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं का विशाल जत्था रवाना होगा। महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सेवा प्रकल्प है। भारत विकास परिषद भीलवाड़ा के सहयोग से ट्रस्ट ने संकल्प लिया है कि घिसटकर चलने को मजबूर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और आधुनिक उपकरण (ट्राई-साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखियां और श्रवण यंत्र) नि:शुल्क देकर उन्हें स्वावलंबी बनाया जाएगा। शिविर में 700 दिव्यांग जनों को लाभान्वित किया जाएगा। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के डॉक्टर के एस पारीक व टीम सहयोग करेंगे। आयोजन में योगऋषि स्वामी रामदेव, स्वामी अवधेशानंद गिरी, युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरी और साध्वी ऋतम्भरा सहित देशभर के 300 शीर्ष संत शिरकत करेंगे। इस महायज्ञ के लिए पिछले 40 वर्षों में पहली बार समाज से सहयोग की अपील की गई है, जिसे लेकर भीलवाड़ा के दानदाताओं में भारी उत्साह है। आयोजन से जुड़े गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि भीलवाड़ा से बड़ी संख्या में भक्त वृंदावन पहुंच रहे हैं। शहर के प्रमुख समाजसेवी हेमंत मानसिंहका, अभिषेक अग्रवाल और गोपाल लाल अग्रवाल सहित पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटी हुई है। रामधाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों और संत महात्माओं तक निमंत्रण पत्र और बुकलेट पहुंचा दी गई हैं।
हरीशेवा धाम में दीक्षा लेने वाले संतों का शॉल ओढाकर किया अभिनंदन
स्वामी अनंतदेव ने शुक्रवार को भीलवाड़ा के हरी सेवा धाम में चल रहे मंगल सनातन महोत्सव में दीक्षा लेने वाले तीनों संतों का अभिनंदन किया। उन्होंने इस मौके पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म का तीर्व गति से प्रसार हो रहा है यह बहुत अच्छी बात है।
