नाराज कर्मचारियों ने निकाली जयपुर की सड़कों पर चेतावनी महारैली, भीलवाड़ा से लिया भाग

नाराज कर्मचारियों ने निकाली जयपुर की सड़कों पर चेतावनी महारैली, भीलवाड़ा से लिया भाग
X

भीलवाड़ा। प्रदेश के कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों एवं सात संकल्पों को पूरा करवाने की मांग को लेकर राजधानी जयपुर की सड़कों पर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के आह्वान पर रैली निकाली। प्रदेशाध्यक्ष महावीर शर्मा की अगुवाई में 88 संगठनों के हजारों कर्मचारियों एवं संविदा कार्मिकों की महा रैली रामनिवास बाग से शुरू हुई, जो राजधानी की सड़को से निकलते हुए सिविल लाइन फाटक पर पहुंची जहाँ कर्मचारियों की विशाल सभा हुई।

महारैली में महासंघ भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा की अगुवाई में भीलवाड़ा जिले के विभिन्न संगठनो के 700 कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों की रैली के बाद हुई सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा ने सरकार के 2 साल के शासनकाल में कर्मचारी मांगों की लगातार अनदेखी एव संवादीहीनता पर नाराजगी जताई। यदि जल्द सरकार ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

कर्मचारियों की चेतावनी महारैली को विभिन्न नेताओं ने संबोधित किया ओर 11 सूत्री मांगपत्र जिसमें स्थायी व स्पष्ट स्थानांतरण नीति बनाने तथा तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले करने, लंबे समय से कोर्ट में अटकी पदोन्नतियों की व्यवस्थित व त्वरित सुनवाई करवाकर पदोन्नति करवाने, अधीनस्थ सेवाओं के कर्मचारियों का कैडर पुनर्गठन कर वेतन विसंगति दूर करने, संविदा कार्मिकों के नियमितीकरण करवाने एवं ओपीएस से छेड़छाड़ बंद करवाने की मांग की।

महारैली में भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पारस मल कुमावत, नल मजदूर यूनियन से कन्हैयालाल शर्मा, एएनएम संघ की इंदिरा चंदेल,आर्युवेद परिचारक संघ से भेरू सिंह राजपूत, शिक्षक संघ प्रगतिशील से ललित जोशी, आर्युवेद नर्सिंग से वीरेंद्र सिंह चौहान, कानूनगो संघ से शिवेंद्र पारीक, आवासन मंडल कर्मचारी संघ से संजय झा, वन अधीनस्थ कर्मचारी संघ से लालाराम गुर्जर, कृषि पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, वोकेशनल शिक्षा से पवन शर्मा, और कुक कम हेल्पर से हरिकिशन चौधरी, सूर्यवीर सिंह, नारायण लाल, सूरजकरण लड्ढा, पवन शर्मा आदि के नेतृत्व में एएनएम,एलएचवी, शिक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, आवासन मंडल, आर्युवेद विभाग, नल मजदूर, कृषि विभाग, राजस्व, कुक कम हेल्पर आदि विभिन्न विभागों के सैकंड कर्मचारियों ने जयपुर रेली में शामिल होकर भीलवाड़ा जिले से सहभागिता निभाई।

Next Story