भीलवाड़ा में अष्टानिका महापर्व पर अनीता शाह का आठ दिवसीय उपवास पूर्ण, निकली भव्य थाल यात्रा

भीलवाड़ा, । जैन धर्म के पावन अष्टानिका महापर्व के अंतर्गत लगातार आठ दिन तक उपवास करने वाली अनीता शाह के उपवास का समापन आज भव्य थाल-यात्रा के साथ हुआ।
राजीव गांधी चौराहे से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में आठ दिन के कठिन उपवास के बावजूद अनीता शाह पैदल चलीं। परिजन हाथों में पूजा की सामग्री एवं मंदिर में भेंट करने के लिए पूजन पात्रों के सेट लेकर साथ चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान परिजनों एवं अन्य श्राविकाओं ने भक्ति नृत्य करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर पहुंचने पर समाज के अध्यक्ष नरेश गोधा, सचिव अजय बाकलीवाल एवं अन्य ट्रस्टियों ने उनका स्वागत किया। ललित एवं अनीता शाह ने श्रीजी के दर्शन कर आठ दिनों के उपवास का विधिवत उद्यापन किया।
परिवार की ओर से इस अवसर पर चांदी के आठ कलश एवं अन्य पूजन सामग्री मंदिर में भेंट की गई। अनीता शाह ने भगवान के समक्ष उपवास के दौरान हुई किसी भी त्रुटि के लिए क्षमायाचना करते हुए प्रतिक्रमण किया तथा यादगार स्वरूप आजीवन भिंडी का त्याग करने का संकल्प लिया।
