कुरीतियों पर प्रहार और सेवा का संकल्प: मारू भाम्बी संस्थान लगाएगा प्याऊ, प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

भीलवाड़ा |मारू भाम्बी विकास सेवा संस्थान, भीलवाड़ा की मासिक बैठक और होली स्नेह मिलन का आयोजन मुखर्जी पार्क में संस्थान अध्यक्ष कन्हैयालाल पंवार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं भी दीं। इसके साथ ही आगामी दिनों में सामूहिक विवाह सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन को लेकर चर्चा भी की गई। आगामी गर्मियों में संस्थान द्वारा पानी की प्याऊ लगाने के लिए भी चर्चा की गई।
संस्थान अध्यक्ष पंवार ने बताया कि मुखर्जी पार्क में आयोजित बैठक और होली स्नेह मिलन में समाज के कई मुद्दों को लेकर अहम चर्चा की गई। जिसमें आगामी दिनों में सामूहिक विवाह सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इस दौरान संस्थान में नवयुवक मंडल के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश भाम्बी ने रक्तदान शिविर में आय-व्यय का ब्यौरा भी दिया। बैठक में गर्मियों में सामाजिक सहयोग से एक पानी की प्याऊ लगाने को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की गई।
पंवार ने यह भी बताया कि आज अहिंसा सर्किल के समीप शिवनगर बस्ती में चंदन मारू ने अपने पिता स्वर्गीय नरेंद्र मकवाना के देहावसान पर समाजजनों को गंगा प्रसादी जैसा बड़ा आयोजन न करके अपने घर पर आए मेहमानों को सादा भोजन खिलाकर मृत्यु भोज जैसी कुरीति को समाप्त करने की मिसाल कायम की। इस अवसर पर संस्थान के सत्य प्रकाश मारू, देवीलाल मारू, जमनालाल पंवार, मंगरोप सरपंच भगवान लाल गुर्जर, नारायण लाल भाम्बी, राजकुमार बेकुंडिया, प्यार चंद मकवाना, गोपी लाल, विकास मारू, कन्हैया लाल मारू, पवन मारू, रामस्वरूप चनिया सहित सभी समाजजनों ने इस समाज सुधार की पहल के लिए चंदन को ऊपरना पहनाकर सम्मान करते हुए उसके पूरे परिवार को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी समाजजनों ने इस पहल की बहुत-बहुत सराहना की।
बैठक में सचिव नवीन कुमार मारू, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश भाम्बी, परामर्शदाता नारायण लाल भाम्बी, उपाध्यक्ष रामपाल भाम्बी, सहसचिव गिरीराज पंवार, संगठन मंत्री गौतमचंद मारू, मुकेश कुमार मकवाना, पुषालाल तड़दिया, शिवराज मारू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
